प्रशांत मंडल
पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय में सोमवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर प्रखंड स्तरीय अंतर विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, ब्लॉक फेलो प्रियंका मोहाली, पंचायत राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, कल्याण पदाधिकारी के.सी. दास, कार्यक्रम पदाधिकारी आतिश भट्टाचार्य एवं पीरामल फाउंडेशन की प्रोग्राम लीडर मीना कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में प्रखंड के 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अभिषेक मरांडी (नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय, कदवा) को प्रथम, जुही दत्ता (पीएम श्री बालक मध्य विद्यालय, हिरणपुर) को द्वितीय तथा शाहबुद्दीन अंसारी (नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय, कदवा) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर बीडीओ संजय कुमार ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों से जल के महत्व को समझने और इसके संरक्षण के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह आयोजन जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।







