झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पाकुड़िया प्रखंड समिति ने गुरुवार को केंद्रीय सचिव और प्रवक्ता पंकज मिश्रा का डाकबंगला परिसर में भव्य स्वागत किया। प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा और प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी ने उन्हें माला और बुके देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर पंकज मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार गरीबों, युवाओं और महिलाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का जिक्र किया और कहा कि अब इसकी चर्चा विश्व स्तर पर भी हो रही है। मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनके बिना पार्टी अधूरी है। मिश्रा ने व्यक्तिगत रूप से कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही सभी को नवरात्रि की बधाई भी दी।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देवीलाल हंसदा, एसडीपीओ विजय कुमार, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
