इकबाल हुसैन
लोक कल्याण सेवा केंद्र की ओर से 28 फरवरी 2026 को पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत खजुरडंगल स्कूल मैदान में किशोरी शक्ति फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य और सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि किशोरियों में आत्मविश्वास जगाना और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता फैलाना था।
स्पोर्ट्स फॉर डिग्निटी थीम पर आधारित इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की 11 किशोरी टीमों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। खेल के माध्यम से प्रतिभागी किशोरियों को टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने जैसे गुणों को विकसित करने का अवसर मिला। आयोजकों ने कहा कि खेल किशोरियों को अपनी पहचान, आत्मसम्मान और सपनों को साकार करने की ताकत देता है। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों, शिक्षा के महत्व और लड़कियों के अधिकारों पर भी सार्थक चर्चा की गई। उपस्थित ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में लखीपोखर किशोरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार जीता। विजेता टीम को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं दुर्गापुर किशोरी क्लब उपविजेता रही, जिसे ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी 11 टीमों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान विकास सोरेन एवं प्रधानाध्यापक विकास सोरेन ने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि खेल किशोरियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। लोक कल्याण सेवा केंद्र ने इस अवसर पर दोहराया कि हर लड़की को शिक्षा, सम्मान और अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेने का पूरा अधिकार है। इस आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सोहेल अख्तर, अनिल कुमार, उज्जैनी प्रसार, गिनी, सुनीता, प्रकाश, मार्शिला, आर्यन सहित सभी सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।







