Search

July 27, 2025 6:49 pm

तोड़ाई पंचायत भवन में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को मिली अधिकारों की जानकारी

न्यायिक सेवाओं से वंचित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास

(पाकुड़)। जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत तोड़ाई पंचायत भवन में शनिवार को एक दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ शेष नाथ सिंह के निर्देशानुसार और अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह प्रभारी सचिव सदिश उज्जवल बेक के मार्गदर्शन में किया गया। इस मौके पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू ने विधिक सेवाओं, सरकारी योजनाओं और समाजिक अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नालसा (NALSA) की “साथी योजना” के तहत निराश्रित और विशेष जरूरतों वाले बच्चों की पहचान, उनके आधार पंजीकरण, समग्र समावेशन, तथा न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर जागरूक किया। इसके साथ ही दिव्यांग बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी ग्रामीणों को सजग किया गया। गंगाराम टुडू ने बाल विवाह उन्मूलन, नशा मुक्ति, और कानूनी जागरूकता जैसे जनहित के विषयों पर भी संवाद स्थापित करते हुए उपस्थित लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में पीएलवी याकूब अली और मैनुल शेख ने मुफ्त कानूनी सहायता योजनाओं, उनके आवेदन की प्रक्रिया और ज़रूरतमंद लोगों को मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, सैकड़ों ग्रामीण, महिला एवं पुरुष शामिल हुए। प्रतिभागियों ने विधिक सेवाओं से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त कर इस आयोजन को सराहा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर