Search

February 18, 2026 10:56 am

पाकुड़ की मिस्फीका हसन को उड़ीसा में अहम जिम्मेदारी, भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान सौंपी।

यासिर अराफात

पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पाकुड़ की सक्रिय नेत्री मिस्फीका हसन को उड़ीसा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रभारी नियुक्त किया है। इस फैसले को पार्टी नेतृत्व के बढ़ते भरोसे और मिस्फीका हसन की संगठनात्मक क्षमता की स्वीकारोक्ति के रूप में देखा जा रहा है। नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए मिस्फीका हसन ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उड़ीसा में अल्पसंख्यक समाज के बीच भाजपा की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मिस्फीका हसन को पार्टी संगठन में विभिन्न स्तरों पर अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। हर बार उन्होंने अपने दायित्वों का सफल निर्वहन कर खुद को एक कर्मठ, जुझारू और भरोसेमंद कार्यकर्ता के रूप में साबित किया है। जमीनी स्तर पर सक्रियता और कार्यकर्ताओं व आम लोगों से निरंतर संवाद उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अल्पसंख्यक समाज के बीच मजबूत पकड़, संगठन को साधने की क्षमता और पार्टी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही भाजपा नेतृत्व का विश्वास उन पर लगातार बढ़ा है। यही वजह है कि उन्हें एक बार फिर बड़ी और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इस नियुक्ति से पाकुड़ जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं उड़ीसा प्रदेश में भी अल्पसंख्यक मोर्चा को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक और दूरगामी कदम बताया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर