राजकुमार भगत
झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ की ओर से मनीरामपुर गांव में शनिवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष शेष नाथ सिंह के निर्देश और सचिव रूपा बंदना किरो के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकूमुद्दीन शेख ने ग्रामीणों को बुनियादी कानूनी अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राधिकार गरीब, कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को मुफ्त कानूनी सलाह, कानूनी प्रक्रिया में मदद तथा न्यायालय में अधिवक्ता उपलब्ध कराता है। सहायक अज़फर हुसैन विश्वास ने बताया कि अनुसूचित जाति-जनजाति के सदस्य, महिलाएं, बच्चे, मानसिक बीमारी से पीड़ित व्यक्ति, प्राकृतिक व औद्योगिक आपदाओं से प्रभावित लोग, औद्योगिक श्रमिक तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले व्यक्ति निःशुल्क कानूनी सहायता के पात्र हैं। कार्यक्रम में पारा लीगल वॉलंटियर याकूब अली और पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





