पाकुड़। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में मंगलवार को सदर प्रखंड के शहरकोल पंचायत भवन में चलंत वाहन सह लोक अदालत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी सचिव विशाल मांझी के मार्गदर्शन में किया गया। इस मौके पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादर ने ग्रामीणों को लोक अदालत के उद्देश्य और महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान ही लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि नालसा की प्रमुख योजनाओं में आपदा पीड़ितों, नशा पीड़ितों, मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और गरीबी उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों को कानूनी सेवाएं मुहैया कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए ताकि वे समय पर न्याय पा सकें। पंचायत के मुखिया विकास गौंड ने भी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से जागरूक बनने की अपील की।
कार्यक्रम में मेडिकल टीम के सदस्य, पीएलवी पिंकी मंडल, कान्हु हांसदा, नीरज कुमार राउत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मुख्य उद्देश्य,
ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना
समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता सुनिश्चित करना।विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारा करना












