पाकुड़ जिला में नगर निगम चुनाव–2026 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर–15 से वार्ड सदस्य पद के लिए चंचल सिंह (पति–बबलू सिंह) ने पाकुड़ में विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक, महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिनके उत्साह से माहौल पूरी तरह चुनावी नजर आया।
नामांकन के बाद चंचल सिंह ने कहा कि वे चुनाव को जनसेवा का अवसर मानती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का समर्थन मिलने पर वार्ड नंबर–15 के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, नाली–सड़क का स्थायी समाधान, पेयजल की नियमित आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, तथा बरसात में जलजमाव से राहत उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वार्ड कार्यालय को आम जनता के लिए सुलभ बनाया जाएगा, ताकि हर व्यक्ति बिना किसी झिझक के अपनी समस्या रख सके और उसका समयबद्ध समाधान हो सके।
समर्थकों का कहना है कि चंचल सिंह का सरल स्वभाव, जमीनी जुड़ाव और लोगों से सीधा संवाद उन्हें एक मजबूत और भरोसेमंद उम्मीदवार बनाता है। नामांकन के दौरान समर्थकों में दिखा उत्साह इस बात का संकेत है कि वार्ड में उनके पक्ष में माहौल बनता जा रहा है।
चुनावी प्रक्रिया के तहत अब नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और इसके बाद चुनावी प्रचार का दौर शुरू होगा। ऐसे में पाकुड़ जिले के वार्ड नंबर–15 में आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की पूरी संभावना है।







