पाकुड़ में चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। पहले दिन माँ शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शहर के छोटी अलीगंज स्थित माँ बसंती चैती दुर्गा पूजा मंदिर समेत विभिन्न पूजा पंडालों में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया।
मंदिरों और पूजा समितियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। छोटी अलीगंज मंदिर में फरक्का से आए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नियमित पूजा कराई जा रही है। वहीं, मालदा के मूर्तिकार जीवन चौधरी द्वारा तैयार की जा रही माँ दुर्गा की प्रतिमा अंतिम चरण में है, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। चैती नवरात्र को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। गुरुवार सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जहाँ लोगों ने माँ के प्रथम स्वरूप की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।






