Search

August 26, 2026 8:01 pm

मदर टेरेसा की जयंती पर राजापुर स्कूल में भव्य आयोजन, प्रतिमा का हुआ अनावरण।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। भारत रत्न मदर टेरेसा की जयंती के अवसर पर बुधवार को बास्केंद्री पंचायत के राजापुर स्थित एसटी टेरेसा पब्लिक स्कूल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मदर टेरेसा की प्रतिमा का अनावरण रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य सामसुन मुर्मू ने फीता काटकर एवं मदर टेरेसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन व अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मदर टेरेसा के जीवन, सेवा और मानवता के संदेश पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य सामसुन मुर्मू ने कहा कि मदर टेरेसा केवल एक नाम नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और मानवता की जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्कूल के संस्थापक मकबूल अंसारी ने कहा कि विद्यालय का नाम मदर टेरेसा के नाम पर इसलिए रखा गया है, ताकि यहां पढ़ने वाले बच्चे उनके आदर्शों और मानव सेवा की भावना से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष मदर टेरेसा की जयंती पर विद्यालय में जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मौके पर झामुमो जिला संगठन सचिव लाल मोहम्मद अंसारी, समाजसेवी मुस्तफा अंसारी, सुभान अंसारी, बीरबल मोहली, किसुन मिर्धा, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों से शिक्षा के साथ समाजसेवा को भी जीवन का हिस्सा बनाने और मदर टेरेसा के सेवा व मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की गई।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!