60 वाहनों के कागजात फेल पाए गए, डीटीओ ने कहा कि बिना कागजात वाहन नहीं चलेंगे,अभियान चलाकर करवाई की जाएगी।
पाकुड़ | सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए जिला प्रशासन ने नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान पाकुड़–पश्चिम बंगाल बायपास रोड, मुफस्सिल क्षेत्र और नगर थाना मुख्य मार्ग पर शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक सघन जांच की गई। इस दौरान छोटे-बड़े निजी और व्यावसायिक वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हाई बीम लाइट, मल्टी टोन हॉर्न, अतिरिक्त लोहे के एंगल, रिफ्लेक्टिव टेप और वाहन कागजातों की जांच की गई। करीब 50 से 100 वाहनों की जांच में 50–60 वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर कुल ₹3,35,650 का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाई बीम लाइट और मल्टी टोन हॉर्न सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों पर असर डालते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। अवैध संशोधन भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे नियमों के अनुसार वाहन चलाएं और खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। अभियान के दौरान पकड़े गए चालकों को मौके पर ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। इस कार्रवाई में जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, अमित कुमार राम, अजहद अंसारी समेत पुलिस बल के जवान मौजूद थे।








