प्रशांत मंडल
झारखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लिट्टीपाड़ा प्रखंड के नावाडीह पंचायत अंतर्गत बाँसजोरी गांव में गुरुवार को रजत जयंती समारोह 2025 के तहत जलछाजन रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली में जलछाजन समिति के सदस्यों और हितग्राहियों ने अपने-अपने टोले से रैली निकालकर कार्यक्रम स्थल तक पहुँचते हुए जल संरक्षण पर आधारित नारे और स्लोगन के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया। कलश यात्रा ने भी पूरे वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। कार्यक्रम में भूमि संरक्षण पदाधिकारी सूचित एक्का और प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए झारखंड के गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों के संघर्ष और राज्य की स्थापना की पृष्ठभूमि पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रजत जयंती वर्ष को राज्य की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण का प्रतीक बताया। इस अवसर पर जलछाजन गीत प्रस्तुत किया गया और सामूहिक शपथ ग्रहण के माध्यम से ग्रामीणों ने जल-संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही पौधारोपण कार्यक्रम और जलछाजन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।













