इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में मंगलवार को महेशपुर प्रखंड के रोलाग्राम पंचायत भवन में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ श्री शेष नाथ सिंह के निर्देशन एवं सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के डिप्टी चीफ मो. नुकूमुद्दीन शेख ने उपस्थित ग्रामीणों को कानून से संबंधित उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चलंत लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनके द्वार पर न्याय उपलब्ध कराना और विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही उन्होंने गरीब एवं वंचित वर्ग को निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करने तथा समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने की जानकारी दी। श्री शेख ने नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ ही बाल विवाह, बाल मजदूरी जैसे सामाजिक कुरीतियों के दुष्प्रभावों पर भी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया नरेश मुर्मू, पीएलवी चन्दन रविदास, प्रियंका हेंब्रम, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।











