पाकुड़ | धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत प्रोजेक्ट परख 2.0 के अंतर्गत रविंद्र भवन टाउन हॉल में मदरसा छात्रों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, करियर निर्माण, समय का सदुपयोग और अनुशासन के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कम उम्र में विवाह से बचने, बाइक न चलाने और खेलों में भागीदारी को लेकर भी प्रेरित किया। बच्चों को प्रेरणादायक वीडियो दिखाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री अनीता पुरती, एपीओ, मदरसा शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







