10 अध्यक्ष व 89 वार्ड उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद, 27 को खुलेगा फैसला।
पाकुड़: पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्सवी माहौल में संपन्न हो गई। अब नगर परिषद के अध्यक्ष पद के 10 उम्मीदवारों एवं 89 वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में पैक होकर स्ट्रांग रूम में बंद हो चुकी है। पूरे शहर की निगाहें अब 27 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतपेटियों का पिटारा खुलेगा और प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार कुल 66.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरुष मतदाताओं ने 67.61% और महिला मतदाताओं ने 65.01% मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। सर्वाधिक 86.24 प्रतिशत मतदान केंद्र संख्या 21/01, प्राथमिक विद्यालय बल्लभपुर (पूर्वी भाग) में हुआ।मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर माइक्रो-ऑब्जर्वर तैनात रहे। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही।सभी मतदान केंद्रों से पोलिंग पार्टियां मतपेटिकाओं के साथ बाजार समिति, पाकुड़ स्थित स्ट्रांग रूम पहुंच चुकी हैं। यहां मतपेटिकाओं को सीलबंद कर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
27 फरवरी को खुलेगा फैसला
24 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे पीठासीन पदाधिकारियों की डायरी की समीक्षा सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में की जाएगी। वहीं 27 फरवरी को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।अब शहर में चर्चा और कयासों का दौर तेज हो गया है। किसके सिर सजेगा अध्यक्ष पद का ताज और किन 89 वार्डों में कौन बनेगा पार्षद — इसका अंतिम फैसला 27 फरवरी को मतपेटियों के खुलते ही सामने आ जाएगा। लोकतंत्र के इस निर्णायक क्षण का सभी को बेसब्री से इंतजार है।










