28 से 30 अगस्त तक चलेगा अभियान, खिलाड़ियों के साथ आमजनों को भी ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश
पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 को लेकर पाकुड़ में खेल गतिविधियों को नई रफ्तार देने की तैयारी है। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” की थीम पर 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और आमजनों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है। इसी को लेकर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने डे-बोर्डिंग एवं खेलो इंडिया प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी केंद्रों पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन कराने और अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अभियान में “एक घंटा खेल के मैदान में” संदेश को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया है। लोगों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अधिकारियों का जोर है कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रहे, बल्कि यह फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बने।
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रशिक्षकों को भारत सरकार की SOP के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने तथा खिलाड़ियों के साथ अधिक से अधिक युवाओं और आमजनों को अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। हर वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस बार पाकुड़ में अभियान का संदेश साफ है—मैदान में बढ़ेगा कदम, तभी ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का सपना होगा साकार।






