Search

April 1, 2026 12:01 am

कोयला तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, तीन व्यक्ति गिरफ्तार।

छापेमारी में 09 क्विंटल कोयला व 06 साइकिल जब्त, कई फरार।

पाकुड़: जिले में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना क्षेत्र के मंगलापाड़ा और कालिदासपुर इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। सूचना के अनुसार, इन इलाकों में अवैध कोयले का भंडारण और साइकिलों के जरिए परिवहन किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मंगलापाड़ा में दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई और कई तस्कर फरार हो गए, लेकिन घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बागडाबड़ा (थाना फरक्का) निवासी दुर्योधन साहा, जोटा घोष और श्यामलाल साहा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वे कोयले से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मौके से 09 क्विंटल अवैध कोयला, 06 साइकिलें और एक वजन मशीन जब्त की है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने साफ किया है कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!