डीसी -एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, कहा—अब आपात स्थिति में और तेज होगी पुलिस की कार्रवाई
पाकुड़। जिले की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। राज्य सरकार से प्राप्त 11 नई पेट्रोलिंग बोलेरो वाहनों को समाहरणालय परिसर से विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसी भी आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय कम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे जिले में शांति और कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि इन वाहनों के जुड़ने से पुलिस पेट्रोलिंग और तेज होगी। अब शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की पहुंच तेजी से सुनिश्चित हो सकेगी। इससे अपराध नियंत्रण में गति आएगी और लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि सभी वाहनों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां इनका उपयोग नियमित पेट्रोलिंग, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए, मुख्यालय डीएसपी, पाकुड़ व महेशपुर एसडीपीओ समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।







