गोड्डा : पोड़ैयाहाट एवं गोड्डा विधानसभा के प्रमुख कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने गोड्डा लोकसभा के घोषित प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह के विरुद्ध शनिवार को स्थानीय अग्रसेन भवन में बैठक की एवं प्रत्याशी बदलने की मांग की। बैठक में मुख्य रूप से विधायक प्रदीप यादव के साथ झारखंड विकास मोर्चा से कांग्रेस में शामिल हुए समर्थक शामिल थे। बैठक की मुख्य मांग, गोड्डा लोकसभा में पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार दीपिका पांडेय को बदलकर किसी अल्पसंख्यक या फिर पिछड़ा समाज के नेता को उम्मीदवार बनाए जाने की थी, क्योंकि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में पिछड़ों की आबादी 90 प्रतिशत है। जिसमे अल्पसंख्यक मुस्लिम करीब 18 प्रतिशत एवं यादवों की जनसंख्या करीब 14 प्रतिशत हैं। नेताओ ने अपने भाषण में कहा की हमारे नेता राहुल गांधी का नारा है कि जिसकी जितनी साझेदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी, जबकि झारखण्ड में इसके उलट हो रहा है। झारखण्ड में 14 सीट में से न तो किसी अल्पसंख्यक को कोई टिकट दिया गया और न ही किसी यादव समाज को टिकट मिला। जबकि इस समाज का 90% वोट कांग्रेस एवं सहयोगी दल को जाता है।
नेताओं ने कहा कि गोड्डा लोकसभा में टिकट देने में जरूर आलाकमान से कोई गलती हुई है इसलिए सबों ने आग्रह किया है कि इस पर पुनर्विचार करते हुए प्रत्याशी को बदला जाए। इस बैठक में सभी ने यह अल्टीमेटम दिया है कि यदि घोषित उम्मीदवार को बदलकर पिछड़ा समाज या अल्पसंख्यक समाज से नया प्रत्याशी नहीं दिया गया तो हम सभी इस्तीफा देने पर मजबूर होंगे। बैठक में मुख्य रूप से विधायक प्रदीप यादव के समर्थक झारखंड विकास मोर्चा से कांग्रेस में शामिल हुए नेता शामिल थे। इसमें मुख्य रूप से गोड्डा जिला उपाध्यक्ष लड्डू मिश्रा, गोड्डा प्रखंड अध्यक्ष नवल साह, पोड़ैयाहाट प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव, कुंदन ठाकुर, वेणु चौबे, अंजुम अख्तर, विकास सिंह, अमरेंद्र अमर, अर्चना देवी, हरेकृष्ण मण्डल, विकास मंडल, शहबाज़ आलम, इफ़्तेख़ार अंसारी, ताहिर आलम, नजमी, सहित हजारों लोग उपस्थित थे।






