उपायुक्त मनीष कुमार बोले – गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें जनगणना कार्य
पाकुड़: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर शुक्रवार से सूचना भवन सभागार, पाकुड़ में जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र शुरू किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के कार्य को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें मकान सूचीकरण, भवनों की पहचान, परिवारों का वर्गीकरण, डेटा संकलन की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से सूचनाओं का संधारण तथा जनगणना प्रपत्रों के सही उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है। इसके आधार पर सरकार की विभिन्न योजनाएं और नीतियां तय होती हैं, इसलिए सभी पदाधिकारी इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे डेटा संकलन और प्रबंधन की प्रक्रिया और अधिक संवेदनशील हो गई है।
उपायुक्त ने प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान कर लेने की सलाह देते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों को पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए, क्योंकि वही आगे चलकर बड़ी समस्या बन सकती हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनगणना से जुड़े निर्देशों और दिशा-निर्देशों का नियमित अध्ययन करने और समय-समय पर उनकी समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जनगणना, चुनाव और आपदा प्रबंधन की तरह प्रशासनिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ संपन्न करना आवश्यक है। साथ ही नगर क्षेत्रों में आउटग्रोथ एरिया के सही सीमांकन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी परिवार या क्षेत्र जनगणना प्रक्रिया से छूट न जाए।
प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य निदेशालय, रांची के सहायक निदेशक राम भास्कर द्विवेदी तथा जिला समन्वयक सरोज कुमार ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के गठन, CMMS पोर्टल पर आईडी निर्माण तथा सुपरवाइजर और प्रगणकों को HLB आवंटित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
मौके पर जिला जनगणना सह नोडल पदाधिकारी जेम्स सुरीन, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर, जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारी और तकनीकी सहायक उपस्थित थे।








