पाकुड़। आगामी 2 अप्रैल 2026 को पवन पुत्र श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पवन पुत्र हनुमान मंदिर, बिरसा चौक समिति द्वारा तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत 2 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा के साथ होगी, जो पूरे पाकुड़ नगर का भ्रमण करेगी। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड श्री रामचरितमानस पाठ प्रारंभ किया जाएगा। 3 अप्रैल को अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद विधिवत हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात संध्या 4:00 बजे से बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं भक्ति गीतों पर नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, संध्या 7:00 बजे से भजन-कीर्तन का कार्यक्रम होगा। अंतिम दिन 4 अप्रैल को संध्या 7:00 बजे मंदिर प्रांगण में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य के भागी बनें, विशेष रूप से 2 अप्रैल की सुबह 8:00 बजे आयोजित शोभायात्रा में पूरे परिवार के साथ शामिल हों। इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी शिवनाथ दुबे, समिति के अध्यक्ष राजेश भगत उर्फ टुनटुन भगत, पंकज कुमार साह, पिंटू यादव, राजा साह, धर्मेंद्र भगत, कार्तिक भगत, मोनू शाह, सोनू शाह, सुमित चौबे, रविकांत, पप्पू एवं दीपक सहित सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।






