नगर परिषद ने माइकिंग कर दी जानकारी, कनेक्शन के लिए कार्यालय में आवेदन करने की अपील
पाकुड़ नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल के शपथ ग्रहण के महज दो दिन बाद ही शहर के कई मोहल्लों में जलापूर्ति योजना शुरू कर दी गई है। नगर परिषद की पहल पर राज हाई स्कूल के पास बने ओवरहेड पानी टंकी से पाइपलाइन बिछाकर आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। नगर परिषद की ओर से शनिवार को इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग कराई गई। माइकिंग के माध्यम से राज हाई स्कूल मुख्य सड़क, दुर्गा कॉलोनी की सभी गलियों, आनंदपुरी कॉलोनी, रानी ज्योतिरी स्टेडियम के पीछे स्थित कॉलोनी तथा शिवपुरी कॉलोनी की गली A, B और C के लोगों को जलापूर्ति शुरू होने की जानकारी दी गई। नगर परिषद ने बताया कि जिन घरों में अभी तक पानी का कनेक्शन नहीं है, वे नगर परिषद कार्यालय में आवेदन देकर जल कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें नियमित रूप से पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाएगी। शहर में लंबे समय से इन इलाकों में नियमित जलापूर्ति की मांग की जा रही थी। ऐसे में शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ही इस व्यवस्था को शुरू किया जाना नगरवासियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नई अध्यक्ष के कार्यकाल की यह शुरुआत नगरवासियों के लिए एक तरह का तोहफा साबित हुई है।






