राजकुमार भगत
पाकुड़। केकेएम कॉलेज, पाकुड़ के प्राचार्य डॉ. युगल झा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में 19 अगस्त 2025 को आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में विशेष अतिथि एवं संसाधन व्यक्ति के रूप में हिस्सा लेकर राज्य और संस्थान का गौरव बढ़ाया। सिंदूर और उसके आख्यान, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी का आयोजन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली के सौजन्य से किया गया था। डॉ. झा ने अपने व्याख्यान में सिंदूर के सामाजिक, सांस्कृतिक, मनोवैज्ञानिक और ऐतिहासिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने इसे केवल वैवाहिक प्रतीक न मानते हुए भारतीय सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। झारखंड की आदिवासी परंपराओं के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विविधताओं के बावजूद भारत की सांस्कृतिक पहचान एक सूत्र में बंधी है।
उनकी इस सहभागिता से न केवल केकेएम कॉलेज का मान बढ़ा, बल्कि झारखंड के शिक्षा जगत को भी राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली।


Related Posts

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए पाकुड़िया में टास्क फोर्स की बैठक
