महेशपुर प्रखंड के बास्केंद्री पंचायत अंतर्गत डुमरिया गांव के ग्रामीणों को वर्षों की समस्या से आखिरकार निजात मिल गई। बारिश के कारण दलदल में तब्दील हो चुकी जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी की पहल पर संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से सड़क की हालत बेहद खराब थी। बारिश में हालात और भी बदतर हो जाते थे। कीचड़, फिसलन और पानी के जमाव से खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपासना मरांडी ने त्वरित पहल की और संबंधित विभाग से समन्वय कर सड़क पर डस्ट गिरवाकर चलने योग्य बना दिया। सड़क की मरम्मत होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव में जमीनी नेता के प्रति आभार प्रकट करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित सड़क की सुधि लेकर उपासना मरांडी ने साबित कर दिया कि वे जनता की सच्ची प्रतिनिधि हैं। गांव के प्रेम सोरेन, सुभाष सोरेन, शीलेश हांसदा, लंबू हांसदा, बुद्धिश्वर हांसदा, अबुतालिब अंसारी, अकबर मियां सहित अन्य ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत को विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया और उपासना मरांडी के प्रयास की सराहना की।







