Search

October 11, 2026 11:52 am

प्रोजेक्ट जागृति, जिला स्तरीय स्वास्थ्य कार्यशाला आयोजित।

पाकुड़ जिले में “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत जिला स्तरीय एकीकृत स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का सफल आयोजन रविन्द्र भवन में किया गया। इस एक दिवसीय कार्यशाला में एनीमिया नियंत्रण, नियमित टीकाकरण, प्रथम चक्र कीटनाशी छिड़काव तथा मास ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यशाला में उमंग दिवस प्रशिक्षण, एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम तथा फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे एमडीए अभियान को मिशन मोड में लागू करने की रणनीतियों पर जोर दिया गया। इस अवसर पर मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने पिछले वर्ष सराहनीय कार्य किया है, लेकिन इस वर्ष और अधिक समर्पण, समन्वय एवं एकाग्रता के साथ लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मिशन मोड में लागू करते हुए लक्षित लाभुकों तक 100 प्रतिशत सेवाएं पहुंचाई जाएं। साथ ही, जनजागरूकता बढ़ाकर घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर एनीमिया, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं सुचारु रूप से संचालित हैं और जमीनी स्तर पर इसका सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है।
कार्यशाला में जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रोग्राम ऑफिसर, डीपीएमयू, बीपीएमयू, सीएचओ, एमपीडब्ल्यू, एमटीएस, केटीएस, सहिया तथा छिड़काव कर्मियों ने भाग लिया और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!