पाकुड़ : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आज पाकुड़ जिले में बड़ा कदम उठाया गया। उपायुक्त मनीष कुमार के आह्वान पर जिले के विभिन्न पदाधिकारियों ने 200 इलाजरत टीबी मरीजों को छह माह के लिए गोद लिया और उन्हें पोषण कीट प्रदान की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही वर्ष 2025 तक टीबी उन्मूलन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने गोद लिए गए मरीजों की नियमित स्वास्थ्य मॉनिटरिंग करने और उन्हें संतुलित आहार व समय पर दवा सेवन के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के. के. सिंह की देखरेख में किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पाकुड़, कार्यपालक दंडाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. शारुख अकबर, डॉ. आदित्य रंजन, गौरव कुमार (डीपीसी), सुशांत कुमार दुबे (डीपीपीएमसी), राकेश कुमार (लेखाकार), मिथुन पॉल (एसटीएस), सदानंद ओझा (एसटीएस) सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस पहल से जिले में टीबी उन्मूलन के अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

