विधानसभा चुनाव में मेरी माताजी नहीं आलमगीर आलम साहब ही चुनाव लड़ेंगे
आलमगीर आलम साहब को षड्यंत्र के तहत जेल में डाला गया, कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता आलमगीर आलम: तनवीर आलम
यासिर अराफ़ात
पाकुड़ : शहर के कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम ने कार्यकर्ताओं संग विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधन भी किया. अपने संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दिखे तनवीर आलम. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जमीनी स्तर पर काम किया जाए. साथ ही महा गठबंधन सरकार द्वारा की गई योजनाओं तथा पूर्व मंत्री आलमगीर आलम द्वारा किए गए कामों को लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाए. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज विरोधियों ने षड्यंत्र के तहत पूर्व मंत्री आलमगीर आलम साहब को जेल में डाल दिया है. लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता इससे हताश और डरने वाला नहीं है. कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता अपने आप को आलमगीर आलम ही समझे. और इस चुनाव में डटकर काम करें. बैठक के पश्चात प्रदेश कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी तैयार है. कांग्रेस पार्टी का हर एक कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सामने इस चुनाव में किसी तरह की कोई भी चुनौती नहीं है. उन्होंने कांग्रेस पार्टी के विरोधी उम्मीदवारों को किसी तरह का चुनौती मानने से इनकार किया. उन्होंने अपने बयान में कहा कि सभी लोग चुनाव में चुनाव लड़ने को लेकर स्वतंत्र है. कोई भी हमारा विरोधी नहीं है. यही लोकतंत्र की खासियत है. लेकिन यह एक सच्चाई है कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के लोग पूर्व मंत्री आलमगीर आलम साहब के द्वारा किए गए कामों को याद करते हुए कांग्रेस पार्टी को मजबूती के साथ जीताने का काम करेंगे. वही जब उनसे पूछा गया कि भाजपा द्वारा बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा है इस पर आपका क्या नजरिया है तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि यह बीजेपी का पॉलीटिकल स्टैंड है. जबकि इसके लिए बाकायदा एक टीम गठित की गई थी जिसमें भाजपा के भी सदस्य शामिल थे. और जो जांच रिपोर्ट सामने आई उसमें किसी भी तरह का बांग्लादेशी घुसपैठ का जिक्र नहीं आया है. बावजूद इसके भाजपा कहीं ना कहीं लोगों को दिगभ्रमित करने के लिए यह स्टैंड अपना रहा है. पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए टिकट कांग्रेस पार्टी से किसे मिलेगी, इस सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि जनता जो चाहेगी वही होगा और जनता चाहती है कि आलमगीर आलम साहब को ही टिकट दी जाए. इसलिए पाकुड़ विधानसभा से आलमगीर आलम साहब ही कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे. जानकारी के लिए बता दें कि खबरों में यह बात सामने आ रही थी की तनवीर आलम की माताजी को चुनाव में टिकट दी जा सकती है.कांग्रेस पार्टी इस विधानसभा चुनाव में आलमगीर आलम साहब की धर्मपत्नी को चुनावी मैदान में उतार सकती है परंतु इस बात का खुलासा तनवीर आलम ने किया कि ऐसी कोई बात नहीं है आलमगीर आलम साहब ही चुनाव लड़ेंगे.





