अक्षय कुमार सिंह
रामगढ़। जिले में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ अजय कुमार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर बच्चा चोरी करने का संदेह हो तो स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल इसकी सूचना निकटतम थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू/रामगढ़, पुलिस अधीक्षक कार्यालय रामगढ़ अथवा आपातकालीन सेवा डायल 112 पर दें। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया या मौखिक रूप से फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित जांच कर उचित कानूनी कदम उठाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अफवाहें समाज में भय और अराजकता का माहौल पैदा करती हैं, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी का परिचय दें और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।





