Search

February 11, 2026 9:15 am

नबीनगर हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा अभियान, डीएसपी जितेंद्र कुमार ने बच्चों को बताए ट्रैफिक नियम

पाकुड़। जिले के मालपहाड़ी क्षेत्र स्थित नबीनगर उच्च विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीएसपी जितेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। डीएसपी ने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चारपहिया में सीट बेल्ट लगाना, तय गति सीमा में वाहन चलाना और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना जानलेवा साबित हो सकता है। टीम ने सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक उदाहरणों के जरिए बच्चों को सतर्क किया।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर भी जागरूक किया गया। बच्चों को बताया गया कि नशा न सिर्फ शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। सभी से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। इसके साथ ही डायन प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथाओं पर चर्चा करते हुए इन्हें समाज के लिए घातक बताया गया। बच्चों से इन बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सही दिशा में पहल करने की अपील की गई।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर