Search

March 26, 2026 7:40 pm

जल बचाओ, भविष्य संवारो, विश्व जल दिवस पर उपायुक्त ने दिलाई शपथ

उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहिया दीदियों को किया गया सम्मानित।

पाकुड़। विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को रविन्द्र भवन टाउन हॉल में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की, जहां जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में “जल महोत्सव” के तहत जिलेभर में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रैलियां, स्कूलों में चित्रांकन व निबंध प्रतियोगिताएं तथा जल स्रोतों की सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही तकनीकी सत्र में वर्षा जल संचयन की आधुनिक तकनीकों से लोगों को अवगत कराया गया। कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह ने बताया कि पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार, चापाकलों की मरम्मत और सोखता गड्ढों के निर्माण से भूजल स्तर में सुधार के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव में आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।।उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनियंत्रित दोहन, अतिक्रमण और प्रदूषण के कारण भविष्य में जल संकट और गहरा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें और वर्षा जल संचयन को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहिया दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

img 20260322 wa00437364157948846969216
img 20260322 wa00442688896446805691464

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर