संवाददाता ममता जायसवाल
देवघर। ग्रीनलैंड स्कूल, देवघर में पहली बार स्काउट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना था। कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में रनजीता कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी भगत उपस्थित रहीं और उन्होंने बच्चों को स्काउट गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट ध्वजारोहण एवं प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्काउट की मूल भावना, नियम एवं सिद्धांतों से अवगत कराया। बच्चों को प्राथमिक चिकित्सा, टीमवर्क, आपदा प्रबंधन तथा सामाजिक सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। प्रशिक्षण सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्काउट गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया और स्काउट आंदोलन से जुड़कर समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।







