पाकुड़: पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने गुरुवार को नगर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में दर्ज सभी लंबित कांडों की गहन समीक्षा की और अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक कांड की प्रगति की जानकारी ली और अनुसंधानकर्ताओं को निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान थाना में लंबित वारंट और परिवादों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया कि इन मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और आम जनता की शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनता को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।





