सभी 17 जिप सदस्यों को बराबरी से देखा जाता है: अध्यक्ष जूली
फोन नहीं उठाया तो मचाया बवाल, अध्यक्ष ने गिना दिए विकास के कमाल
सभी 17 सदस्यों के लिए दरवाजा खुला: जुली
पाकुड़: जिला परिषद की राजनीति में इन दिनों फोन कॉल भी चर्चा का विषय बन गया है। मामला एक बयानबाज जिप सदस्य जो विकास से ज्यादा धर्म आधारित राजनीति के लिए चर्चित है और जिला परिषद अध्यक्ष जूली खृष्टमनी हेंब्रम के बीच फोन नहीं उठने से शुरू हुआ और देखते-देखते बयानबाजी तक पहुंच गया। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ आरोप हैं, तो दूसरी तरफ अध्यक्ष का यह दावा भी कि जिले के सभी 17 जिप सदस्यों को एक समान नजर से देखते हुए विकास कार्य लगातार जारी हैं। उस जिप सदस्य का कहना है कि पिछले एक महीने से उनका फोन अध्यक्ष द्वारा नहीं उठाया जा रहा है।उनका आरोप है कि उनका नंबर तक ब्लैकलिस्ट कर दिया गया, जिससे वे अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर अध्यक्ष से बात नहीं कर पा रही हैं। उनका कहना है कि अगर अध्यक्ष से जिम्मेदारी नहीं संभल रही है तो जनहित में उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
इधर इस पूरे मामले पर जिला परिषद अध्यक्ष जूली खृष्टमनी हेंब्रम ने भी अपनी बात साफ शब्दों में रखी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर तथ्यहीन बातें फैलाई जा रही हैं। अध्यक्ष का कहना है कि पाकुड़ जिले के सभी 17 जिला परिषद सदस्यों को बराबरी से देखा जाता है और 15वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि भी सभी सदस्यों के बीच नियम के अनुसार बांटी जाती है, ताकि हर क्षेत्र में विकास कार्य हो सके।अध्यक्ष ने यह भी कहा कि 24 व 25 का फंड सरकार से राशि प्राप्त नहीं हुई है, चालू वित्त वर्ष में सरकार से जो फंड प्राप्त होगी वो सभी को एक समान रूप से दिया जाएगा, सभी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य चल रहे हैं और जिला परिषद का मुख्य उद्देश्य जनहित में योजनाओं को जमीन पर उतारना है।
वैसे राजनीति में फोन उठना और नहीं उठना कोई नई बात नहीं है। कभी नेटवर्क गायब हो जाता है, कभी मोबाइल बंद हो जाता है और कभी-कभी आरोप भी पूरे सिग्नल के साथ सामने आ जाते हैं। लेकिन इन सबके बीच असली सवाल वही पुराना है—जिले में विकास की गाड़ी कितनी तेज चल रही है।फिलहाल अध्यक्ष का दावा है कि विकास कार्य पूरे जिले में जारी हैं और सभी 17 जिप सदस्यों को समान अवसर दिया जा रहा है। अब यह जनता ही बेहतर समझ सकती है कि विवाद की असली वजह फोन की घंटी है या फिर राजनीति की।अंत में जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि सभी जिप सदस्य एक समान है।






