नगर निकाय चुनाव और होली में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा, एसपी।
मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अपराध के लिए अब कोई जगह नहीं है। जनवरी माह में दर्ज मामलों से अधिक कांडों के निष्पादन को सराहते हुए एसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चोरी, गृहभेदन और छिनतई जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रात में सघन गश्ती और टाइगर मोबाइल को पूरी मुस्तैदी से उतारने के निर्देश दिए गए। अवैध कोयला, पत्थर और बालू कारोबार पर जिला खनन टास्क फोर्स के साथ संयुक्त छापेमारी तेज करने का आदेश भी दिया गया। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर एसपी ने यातायात नियमों के सख्त पालन पर जोर दिया। हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्रंकन ड्राइव और वाहन दस्तावेजों की रोजाना जांच करने को कहा गया। वहीं, दागी और गुंडा पंजी में नाम दर्ज कर अपराधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। होली पर्व और आगामी नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर पुलिस को हाई अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। शांति समिति की बैठक, एंटी क्राइम चेकिंग और लगातार पेट्रोलिंग के जरिए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का रोडमैप तय किया गया। बैठक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए एसपी ने संदेश साफ दिया—अब सिर्फ कार्रवाई दिखेगी, लापरवाही नहीं।






