त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट, हर चौक-चौराहे पर सुरक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी।
शांति समिति की बैठक में डीसी एसपी ने दिए गए कई दिशा निर्देश।
पाकुड़। आगामी रामनवमी, गुड फ्राइडे, ईस्टर, ईद, सरहुल और चैती दुर्गापूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात, जनसुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या फेक न्यूज से बचें और सोशल मीडिया पर किसी सूचना को साझा करने से पहले उसका सत्यापन जरूर करें। प्रशासन की ओर से सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही 24 घंटे जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा और CCTV व ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। उपायुक्त ने शांति बनाए रखने के लिए पांच मूल मंत्र भी दिए—संयम रखें, अफवाह न फैलाएं, सत्यापन के बाद ही जानकारी साझा करें, आसपास सतर्क रहें और सभी पर्वों का सम्मान करें। उन्होंने जुलूस के दौरान शराब या मादक पदार्थों के सेवन पर पूरी तरह रोक और आपत्तिजनक गीतों से बचने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि जुलूस निर्धारित रूट से ही निकलेगा। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने बताया कि रामनवमी और ईद को लेकर करीब 370 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील इलाकों की जांच पूरी कर ली गई है और सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए विशेष टीम सक्रिय है। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जुलूस में केवल प्रशिक्षित लोग ही पारंपरिक अस्त्रों के साथ प्रदर्शन करेंगे। विसर्जन जुलूस निर्धारित समय और मार्ग के अनुसार ही निकलेगा। प्रशासन ने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।







