Search

February 15, 2026 9:40 am

पलामू पुलिस की क्राइम मीटिंग में महाशिवरात्रि और निकाय चुनाव को लेकर सख्त निर्देश जारी

जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल

Also Read: E-paper 01-01-26

पलामू: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग में आगामी महाशिवरात्रि पर्व एवं नगर निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सभी थानों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। शिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़-प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए लाइसेंसी हथियारों को अविलंब जमा कराने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। त्वरित कार्रवाई दल (QRT) को सक्रिय रखने, नियमित फ्लैग मार्च कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, काले शीशे वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। चुनाव उपरांत शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। हत्या, लूट, डकैती, दहेज हत्या, महिला अपराध, एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट एवं साइबर अपराध से संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। चार वर्ष से अधिक पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया। 17 फरवरी को एससी/एसटी एवं पॉक्सो मामलों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं अफीम/पोस्ता की अवैध खेती के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने तथा आई-रेड अभियान की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में थाना स्तर पर नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने, जनता के साथ समन्वय स्थापित करने और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पर्व और चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर