पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड के गंधाईपुर स्थित बुलबुल स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) में आपसी विवाद का मामला सामने आया है। समूह की अध्यक्ष आयनारा बीबी, कोषाध्यक्ष सुकमन बीबी सहित अन्य सदस्यों ने सचिव रेणु बीबी और उनकी पुत्री रबीना खातून पर समूह के पदाधिकारियों व पूर्व सहायक कर्मी के विरुद्ध झूठे व निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया है।समूह की ओर से पाकुड़ के उपायुक्त (डीसी) मनीष कुमार को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि सचिव रेणु बीबी व उनकी बेटी द्वारा अवैध निकासी, खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी एवं मानहानिकारक आरोप लगाए गए हैं, जो तथ्यों से परे हैं। समूह का कहना है कि वर्ष 2009 से 2024 तक बुलबुल एसएचजी द्वारा पीडीएस दुकान का संचालन नियमित रूप से किया गया और इस अवधि में किसी भी कार्डधारी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व सहायक कर्मी सुखचंद रविदास ने कभी भी खाद्यान्न उठाव से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए, जिससे उनके विरुद्ध लगाए गए आरोप गलत साबित होते हैं। समूह के अनुसार मार्च 2024 के बाद रबीना खातून द्वारा दुकान संचालन अपने हाथ में लेकर अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व सदस्यों को अधिकार से वंचित किया जा रहा है। न तो किसी प्रकार का लाभांश दिया जा रहा है और न ही हिसाब-किताब उपलब्ध कराया जा रहा है।समूह की महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि मुफ्त चना दाल वितरण के दौरान कार्डधारियों से अवैध रूप से राशि ली गई, जिसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायत के समाधान के नाम पर समूह के सदस्यों से दो बार तीन-तीन हजार रुपये लिए गए।






