Search

March 14, 2026 9:32 pm

अंग्रेजी परीक्षा के दिन शिक्षक नदारद, एबीवीपी ने केकेएम कॉलेज गेट पर जड़ा ताला

दूर-दराज से पहुंचे छात्रों में फूटा आक्रोश, प्रभारी प्राचार्य के लिखित आश्वासन के बाद खुला ताला

राजकुमार भगत

पाकुड़। यूजी सेमेस्टर-5 (सत्र 2022-26) की अंग्रेजी विषय की इंटर्नशिप परीक्षा के दिन शिक्षकों के कॉलेज से नदारद रहने पर शनिवार को केकेएम कॉलेज में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बताया जाता है कि परीक्षा देने के लिए बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन परीक्षा से जुड़े शिक्षक और जिम्मेदार प्राध्यापक अनुपस्थित मिले। इससे नाराज छात्रों ने एबीवीपी के नेतृत्व में कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और मुख्य गेट पर तालाबंदी कर विरोध जताया। इस दौरान एबीवीपी के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण दिन पर शिक्षकों का गायब रहना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने कहा कि यह प्रदर्शन छात्रों की एकजुटता का परिणाम है। छात्रों ने बताया कि पाकुड़िया, महेशपुर, देवतला और बरहेट जैसे दूरदराज इलाकों से परीक्षार्थी चिलचिलाती धूप और भारी उमस के बीच परीक्षा देने पहुंचे थे। इनमें कई छात्र रोजा रहने के बावजूद लंबी दूरी तय कर कॉलेज आए थे, लेकिन शिक्षकों की अनुपस्थिति से उन्हें निराशा और आक्रोश का सामना करना पड़ा। घंटों चले हंगामे के बाद स्थिति को देखते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. समर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों की शिकायतों को गंभीर बताते हुए मामले में उचित कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कॉलेज गेट का ताला खोल दिया और आंदोलन समाप्त कर दिया।

img 20260314 wa00385123257559729119220
img 20260314 wa00358016318112908057697

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर