क्रेन की मदद से हटाया गया वाहन, बड़ी दुर्घटना टली।
पाकुड़: शुक्रवार सुबह पाकुड़-महेशपुर मुख्य मार्ग पर कोयला मोड़ के समीप एक गिट्टी लदा हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा उस समय हुआ जब वाहन शहरग्राम की ओर से गिट्टी लोड कर पाकुड़ की ओर आ रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से संतुलन खो दिया, जिससे हाईवा पलट गया। हादसे में हाईवा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक और खलासी दोनों सुरक्षित बच निकले और घटनास्थल से फरार हो गए। हाईवा के पलटने से गिट्टी सड़क पर फैल गई, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे वाहन को हटाया गया और सड़क को साफ कर आवागमन बहाल किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। प्रशासन से मांग की गई है कि सड़क पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाई जाए।









