पाकुड़िया: भारत सरकार की मनरेगा ऑडिट टीम ने शनिवार को प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में संचालित योजनाओं का निरीक्षण किया। टीम ने गनपुरा, खाक्सा, पलियादहा और पाकुड़िया पंचायत में पहुंचकर योजनाओं की प्रगति, अभिलेखों तथा लाभुकों से बातचीत कर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में केंद्रीय टीम के सहायक लेखा पदाधिकारी गीता राम, अकाउंटेंट पवन तथा पीओ एबीआई अब्राहम सबसे पहले गनपुरा पंचायत भवन पहुंचे, जहां उन्होंने मनरेगा से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसके बाद टीम ने खाक्सा पंचायत में मनरेगा के तहत चल रही आम बागवानी योजना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लाभुकों से बातचीत करते हुए कहा कि आम बागवानी आने वाले समय में उनके परिवार के लिए आय का एक बड़ा स्रोत बन सकती है। उन्होंने पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए समय-समय पर वर्मी कम्पोस्ट देने और नियमित सिंचाई करने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों को भी अपनी जमीन पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात टीम ने पलियादहा पंचायत में मनरेगा से निर्मित सिंचाई कूप और आम बागवानी योजना का भी निरीक्षण कर कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान बीपीओ जगदीश पंडित, सहायक अभियंता रोहित कुमार गुप्ता, कनीय अभियंता लालू रविदास समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।








