पाकुड़/ महेशपुर से मानवता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना क्षेत्र के नारायणगढ़ गांव स्थित पगला नदी पुल के पास शनिवार सुबह एक महिला ने अपने नवजात शिशु को जन्म देने के कुछ ही देर बाद सड़क किनारे गमछे में लपेटकर फेंक दिया। जब तक किसी की नजर उस पर पड़ी, तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोग इस नृशंस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए गुस्से और दुख से भर उठे। सूचना मिलने पर महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नवजात के शव को दफनाया। ग्राम प्रधान संतोष मुर्मू ने बताया कि सुबह मवेशी चराने के दौरान सड़क किनारे बाबुल के पेड़ के नीचे गमछा पड़ा देखा। जब पास जाकर देखा तो उसमें नवजात शिशु लिपटा हुआ था। उन्होंने तत्काल महेशपुर पुलिस को सूचना दी। फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चा किसी अविवाहित या विवश महिला का हो सकता है, जिसने समाज के डर और लोकलाज के कारण यह अमानवीय कदम उठाया। घटना से पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई इसे मां की मजबूरी बता रहा है, तो कोई उसकी निर्दयता पर आंसू बहा रहा है।

