पाकुड़िया प्रखंड के सरसाबांध गांव में गुरुवार को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने एक नई प्रजाति के गेरुए रंग के सर्प को सुरक्षित पकड़कर जिला कार्यालय ले जाया। यह सर्प किसान जतन टुडू के घर के सामने एक पेड़ पर कई दिनों से बसेरा बनाए हुए था, जिससे परिवार और ग्रामीणों में भय का माहौल था।
सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य अशराफुल शेख ने बताया कि पकड़ा गया सर्प इंडियन बेबी रेड स्नैक नामक नई प्रजाति का है। रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सर्प को पकड़ा और आगे की पहचान व संरक्षण के लिए ले गई। ग्रामीणों ने समय पर कार्रवाई के लिए वन विभाग की सराहना की। इस रेस्क्यू से न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि दुर्लभ प्रजाति के सर्प का संरक्षण भी संभव हो सका।





