“रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान”—डीसी ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला, हर माह 24 को अभियान जारी
युवा एसएमपीओ पवन कुमार ने डीसी से प्रेरित होकर किया दूसरी बार रक्तदान
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार की अगुवाई में चल रहे ‘प्रोजेक्ट जागृति’ ने जिले में रक्तदान को जनआंदोलन का रूप दे दिया है। मंगलवार को सभी प्रखंडों में एक साथ आयोजित रक्तदान शिविरों में 154 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर एक नई मिसाल कायम की।
रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल के साथ-साथ हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, महेशपुर और पाकुड़िया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में शिविर लगाए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार ने सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा एवं उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त ने रक्तदाताओं से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें प्रमाण पत्र व कॉफी मग देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है और समाज के प्रति यह एक प्रेरणादायक सेवा है। शिविरों में जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल, पीएमयू सेल के कर्मी, चौकीदार, मीडिया प्रतिनिधि एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। उपायुक्त ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट जागृति’ के तहत हर महीने की 24 तारीख को नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि आपात स्थिति में किसी भी व्यक्ति को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने और जीवन बचाने की इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की।









