Search

February 18, 2026 10:07 pm

24 घंटे में लूट कांड का खुलासा, पुलिस की सटीक रणनीति से दो अपराधी दबोचे गए।

SIT गठन, एंटी क्राइम चेकिंग और त्वरित कार्रवाई—पिस्टल, नकदी व बाइक बरामद, पुलिस की बड़ी कामयाबी।

पाकुड़/ महेशपुर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पिस्टल के बल पर युवक के सिर पर वार कर 3 लाख 40 हजार रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हथियार, लूटी गई नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

क्या है पूरा मामला।

16 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे महेशपुर सिनेमा हॉल के सामने, फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस के पास गली में दो अपराधियों ने अनुप कुमार भगत पर पिस्टल से सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुप से अपराधियों ने रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया गया।

एसआईटी का गठन, सीमावर्ती थानों को अलर्ट।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित किया गया। अपराधियों के हुलिया और बाइक के आधार पर सीमावर्ती थानों को सतर्क कर एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई।

सड़क हादसे से मिला अहम सुराग।

जांच के दौरान कांठीकुंड थाना प्रभारी से सूचना मिली कि सड़क दुर्घटना में घायल दो युवक अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका हुलिया लूटकांड के आरोपियों से मेल खा रहा है। SIT टीम ने अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

डुमरघाटी से बरामदगी, गिरफ्तारी।

आरोपियों की निशानदेही पर महेशपुर थाना क्षेत्र के डुमरघाटी से लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

मनोरंजन कुमार (20 वर्ष), पिता– दिगंबर राउत, ठाडीपारा, थाना सोनारायठारी, जिला देवघर, लालू यादव (19 वर्ष), पिता– कीर्तन यादव, विशनुठीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह,इनके पास से जप्त सामान,
9 एमएम पिस्टल, नकद ₹2,68,480,
दो वीवो मोबाइल फोन, हीरो मोटरसाइकिल,रजि. नंबर JH11 AR 3827, खून लगा सफेद गमछा। इनकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध करने वालों के लिए यह साफ संदेश है कि कानून से बचना आसान नहीं होगा।

img 20260218 wa00133472561599644268565
img 20260218 wa00123394290115048255759

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर