राजकुमार भगत
पाकुड़: नेम, निष्ठा और लोक आस्था का महापर्व चैती छठ के तीसरे दिन, शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि 24 मार्च को अस्ताचलगामी सूर्य देव को प्रथम अर्घ्य के साथ श्रद्धालुओं ने पूर्ण रूप से पूजा-अर्चना की। छठव्रती महिलाएं पूरे दिन उपवास रहकर प्रसाद और डाला की तैयारी करती हैं। संध्या समय महिलाएं नजदीकी नदी, तालाब या जलाशय पर पहुंचकर सूप में प्रसाद सजाकर उसे पश्चिम दिशा में रखती हैं और घी का दीया जलाकर डूबते सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं। इस तरह अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य देकर तीसरे दिन की पूजा संपन्न हुई। चौथे दिन, 25 मार्च को सप्तमी तिथि के अनुसार, श्रद्धालु प्रातः काल स्नान और ध्यान के बाद उगते सूर्य को विधिवत अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय चैती छठ महापर्व का समापन होगा।







