Search

April 8, 2026 9:46 pm

शताब्दी समेत दो प्रमुख ट्रेनों का ठहराव गुरुवार से, शाम 5:15 बजे केंद्रीय मंत्री करेंगी उद्घाटन।

झारखंड के पाकुड़ जिले के लिए रेल सुविधा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत 9 अप्रैल से होने जा रही है। इस सुविधा का औपचारिक उद्घाटन गुरुवार शाम 5:15 बजे केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी वर्चुअल माध्यम से करेंगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, जिन ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया गया है, उनमें 12041/12042 हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस और 22611/22612 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के रुकने से पाकुड़ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सीधा लाभ मिलेगा। उद्घाटन कार्यक्रम पाकुड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर पदाधिकारी विश्रामालय के समीप आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन स्थल का संयुक्त निरीक्षण स्टेशन अधीक्षक लख्खीराम हेम्ब्रम, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ विद्युत अभियंता राजू कुमार, वरिष्ठ दूरसंचार अभियंता संजय कुमार ओझा तथा स्टेशन मास्टर कुमार विकास ने किया। इसके अलावा, इस मौके पर हावड़ा मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति भी संभावित है, जिनमें मंडल रेल प्रबंधक सहित वाणिज्य, संचालन, संकेत एवं दूरसंचार तथा अभियंत्रण विभाग के अधिकारी शामिल हो सकते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के भी कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह पहल क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। पाकुड़ की पहचान एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है। पूर्व रेलवे ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होकर इसे व्यापक रूप से प्रसारित करने की अपील की है, ताकि आम जनता तक इस नई सुविधा की जानकारी पहुंच सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!