Search

February 24, 2026 3:59 am

पत्थरघाटा में लैंप्स निर्माण पर बवाल, ग्रामीणों ने काम रुकवाया।

इकबाल हुसैन

महेशपुर प्रखंड के जयपुर पंचायत अंतर्गत पत्थरघाटा गांव में सोमवार को लैंप्स निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि ठेकेदार ने बिना पूर्व सूचना और ग्राम सभा से चर्चा किए जेसीबी मंगाकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान तुरसी हंसदा ने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर वर्षों से उनके पूर्वज पर्व-त्योहार मनाते आ रहे हैं और ठीक सामने जाहिरथान जाने का मार्ग है। ऐसे में इस स्थान पर लैंप्स निर्माण से उनकी आस्था और परंपरा प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने साफ कहा कि बिना बैठक और सहमति के निर्माण कार्य किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी गई कि यदि जबरन काम किया गया तो आंदोलन होगा। घटनास्थल पर लैंप्स सचिव—नयाग्राम निवासी जोशीमुद्दीन शेख, अमृतपुर निवासी चंचल मंडल और रामपुर निवासी अबसुद्दीन शेख—मौजूद थे। ठेकेदारों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने लैंप्स सचिव और संबंधित लोगों को घेरकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि वे अपने अधिकारों और परंपराओं की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे और मौजूदा स्थल पर लैंप्स निर्माण नहीं होने देंगे। उधर, बीसीओ नोरिक रविदास ने बताया कि यदि स्थल को लेकर विवाद है तो पुनः स्थल चयन कर लैंप्स का निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर