राजकुमार भगत
पाकुड़: सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राज+2 विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन छात्रों का स्वागत बेहद आत्मीय और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। विद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही शिक्षकों ने बच्चों को फूल-माला पहनाकर और टॉफी देकर उनका अभिनंदन किया, जिससे छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष स्वागत सभा में नवागत एवं प्रोन्नत छात्रों को स्कूल की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं का परिचय शिक्षक-शिक्षिकाओं से कराया गया, ताकि वे नए वातावरण में सहज महसूस कर सकें। इसके बाद पर्यटन शिक्षक के नेतृत्व में छात्रों को पूरे विद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया। बच्चों ने पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, बाल संसद, हेल्थ केयर सेंटर, आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष और खेल परिसर सहित स्कूल की विभिन्न आधुनिक सुविधाओं को देखा और समझा। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय प्रभारी राजू नंदन साहा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अरूप कुमार दास, सुशील कुमार झा, बीना कुमारी, शिउली कुमारी, पूनम कुमारी, मुकुल हुसैन, निर्मल कुमार ओझा, सुप्रिय दत्ता सहित सभी शिक्षक एवं वोकेशनल ट्रेनर उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल से छात्रों का पहला दिन न केवल यादगार बना, बल्कि उनमें नए सत्र को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ा।







