पाकुड़िया (पाकुड़): प्रखंड अंतर्गत मोंगलाबांध गांव स्थित बाबा बैद्यनाथ शिवालय प्रांगण में नवनिर्मित पार्वती मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे की धुन और जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं व युवतियां सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। पुरोहित सोहन पंडित, कुंदन पंडित, सूरज पंडित, कुंदन मिश्रा, भुवनेश्वर ओझा तथा यजमान कार्तिक पाल व उनकी पत्नी शोभा देवी के नेतृत्व में सुबह 10 बजे शोभायात्रा शिव-पार्वती मंदिर प्रांगण से निकली। शोभायात्रा गांव भ्रमण करते हुए तिरपितिया नदी घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः मंदिर प्रांगण लौट आई। मंदिर परिसर लौटने पर मंदिर कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं को शर्बत पिलाया गया। इसके बाद विधिवत रूप से पार्वती मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पुराने शिव मंदिर और नवनिर्मित पार्वती मंदिर को भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया। यजमान कार्तिक पाल ने बताया कि मोंगलाबांध गांव में वर्ष 2022 में शिव मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था और 2023 में उसकी प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। उस समय पार्वती मंदिर का निर्माण नहीं हो सका था। ग्रामीणों के सहयोग से इस वर्ष 2026 में शिव मंदिर के सामने भव्य पार्वती मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है। मंदिर के भीतर संगमरमर से निर्मित माता पार्वती की प्रतिमा की स्थापना कर प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन संपन्न होगा। वहीं 19 फरवरी तक मेला आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान प्रतिदिन रात्रि में ख्याति प्राप्त पंडितों एवं कलाकारों द्वारा भजन, कीर्तन और प्रवचन की प्रस्तुति होगी। गांव में पूरे आयोजन को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है।








