गोड्डा : महागामा थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव में हुई आगलगी से तीन घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया जिस कारण घर में रह रहे लोग बेघर हो गए। वहीं घटना की सूचना थाना प्रभारी शिव दयाल सिंह को दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। जलने वाले घरों के गृहस्वामी का नाम नेमानी कुमार, पेरू कुमार एवं सुबोध कुमार सिंह है। घटना के संबंध में गृहस्वामी ने बताया कि हमलोग सभी बहियार गए हुए थे। कुछ ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि उनके घर में आग लगी हुई है। वहीं ग्रामीणों के सहयोग से आग को बुझाने का काफी प्रयास किया गया पर देखते देखते आग की लपटे तेज हो गई जिस कारण उस घर से सटे दूसरा घर में भी आग लग गई। ग्रामीणों के द्वारा आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया गया परंतु सफलता हासिल नहीं हुई। वहीं प्रशासन के द्वारा दमकल गाड़ी को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। परंतु जब तक दमकल गाड़ी आती तब तक तीनो घर जलकर राख हो गया था। वही पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में रखा अनाज, बर्तन, कपड़ा व कुछ नगदी रुपैया भी जलकर राख हो गया। बताया कि लगभग हजारों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। साथ ही बताया कि आग लग जाने के कारण हमलोगो के आगे भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित परिवार काफी गरीब है, मेहनत मजदूरी कर किसी तरह से अपना भरण पोषण करते हैं। वहीं एक पीड़ित नेमानी कुमार दिव्यांग है, उन्होंने बताया कि गन्ने वाली मशीन भी जलकर राख हो गई। इसी मशीन से गन्ने का रस बेचकर परिवार का भरण पोषण करते थे।





